रेणुका स्वामी मर्डर मामले में टॉलीवुड अभिनेता दर्शन थुगुदीपा और उनकी प्रेमिका पवित्रा गौड़ सहित 17 लोगों की जब से गिरफ्तारी हुई है तब से सबकी नजरें इस मर्डर मिस्ट्री पर टिकी हैं। एक ओर जहां दर्शन के समर्थक उन्हें निर्दोष और उनकी प्रेमिका को दोषी मान रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ इस मामले में पुलिस ने इनके बयानों की कॉपी कोर्ट में जमा करवाई है जिसमें थुगुदीपा ने जुर्म कबूल कर लिया है कि उन्होंने इस केस को दबाने के लिए आरोपियों को पैसे दिए थे
बॉलीवुड हो या टॉलीवुड के कई सितारे ऐसे हैं जो किसी न किसी संगीन आरोप के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं। ताजा मामला कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीपा का है। साउथ फिल्मों के अभिनेताओं को उनके कट्टर समर्थक भगवान की तरह पूजते हैं और दर्शन थुगुदीपा को तो साउथ का सलमान खान माना जाता है। लेकिन इस बीच दर्शन पर अपने ही प्रशंसक रेणुका स्वामी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। ऐसे में एक ओर जहां उनकी गिरफ्तारी की घटना पूरे दक्षिण भारत में चर्चा का विषय बनी हुई है। उनके समर्थक उन्हें निर्दाेष और उनकी प्रेमिका को दोषी मान रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सबकी नजरें इस मर्डर मिस्ट्री पर टिकी हैं। सभी जानना चाहते हैं कि आखिर पिछले महीने 8 और 9 जून को क्या हुआ था। इस मामले में एक्टर और उनकी प्रेमिका पवित्रा गौड़ सहित अभी तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब इस मामले में पुलिस ने रिमांड के साथ इनके बयान की कापी कोर्ट में जमा करवाई है, जिसमें दर्शन ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है कि उन्होंने इस केस को दबाने के लिए आरोपियों को पैसे दिए थे। इस केस में गिरफ्तार हुए सुपारी किलर्स ने यह बात पुलिस को पहले ही बताई थी कि दर्शन ने उन्हें मामले को दबाने के लिए पैसे दिए थे। अब पुलिस के सामने खुद थुगुदीपा ने कहा कि उनकी तरफ से किलर्स को 30 लाख रुपए दिए गए थे।
कबूलनामे के अनुसार दर्शन इस मामले से खुद को और अपनी गर्लफ्रेंड पवित्रा को अलग रखना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अपने गुर्गों राघवेंद्र, कार्तिक और केशव मूर्ति को रेणुका स्वामी के मर्डर का आरोप अपने सिर लेने के लिए पांच लाख रुपयों का ऑफर दिया था। जब पुलिस ने दर्शन को गिरफ्तार किया तो ये तीनों थाने पहुंच गए और पुलिस को हत्या की एक झूठी कहानी सुनाने के बाद भी पुलिस ने दर्शन और उनकी प्रेमिका पवित्रा को जमानत नहीं दी। अब दर्शन ने पुलिस रिमांड में सच बताया है कि उन्होंने आरोपियों को पैसे दिए थे।
गौरतलब है कि एक अश्लील मैसेज ही इस खूनी खेल की असली जड़ है। रेणुका स्वामी जो कन्नड़ एक्टर दर्शन का फैन था और सोशल मीडिया पर उनके नाम का एक फैन क्लब भी चलाता था। वो दर्शन की पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी ज्यादा सीरियस था। वो पवित्रा संग शादीशुदा दर्शन के रिश्ते से बिल्कुल खुश नहीं था और चाहता था कि पवित्रा दर्शन की लाइफ से चली जाए। इसलिए वो फेक आईडी से पवित्रा को अलील मैसेज किया करता था। बताया जा रहा है कि एक बार तो उसने हद ही कर दी। जब उसने पवित्रा को अपने प्राइवेट पार्ट की फोटो भेजकर खुद की तुलना सुपरस्टार दर्शन से कर दी। इसी मैसेज की वजह से पवित्रा और दर्शन अपना आपा खो बैठे और उन्होंने अपने गुर्गों के साथ मिलकर रेणुका को अपहरण करने से लेकर उसकी मौत का खूनी खेल रच डाला।
कौन है दर्शन थुगुदीपा
दर्शन ने अपने अभिनय की शुरुआत 1997 में फिल्म ‘महाभारत’ से की थी। बाद में कई फिल्मों में सपोर्टिंग रोल भी किया। लेकिन उन्हें पहचान साल 2002 में आई फिल्म मैजेस्टिक से मिली। साल 2006 में उन्होंने अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू किया। उनकी बड़े पर्दे पर 30 फिल्में सुपरहिट रही हैं। फिल्म ‘गाजा’, ‘नवग्रह’, ‘सारथी’, ‘कारिया’, ‘कलासीपाल्या’, ‘बुलबुल’, यजामना और रॉबर्ट जैसी फिल्मों से दर्शन की लोकप्रियता में उछाल आया। उन्हें क्रांतिवीरा संगोल्ली, रायन्ना के लिए राज्य फिल्म अवॉर्ड में बेस्ट एक्टर के पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। 2023 में रीलीज हुई उनकी फिल्म काटेरा ने बड़े पर्दे पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की थी। दर्शन शादीशुदा हैं और उनकी को- एक्ट्रेस पवित्रा गौड़ा के साथ काफी नजदीकियां जगजाहिर हैं।
मृतक रेणुका स्वामी
अभिनेता दर्शन थुगुदीपा का रेणुका स्वामी बहुत प्राशंसक था जो सोशल मीडिया पर दर्शन को फॉलो करता था। वो उनकी फिल्मों के साथ- साथ पर्सनल लाइफ पर भी इस कदर नजर रखने लग गया था कि दर्शन की प्रेमिका अभिनेत्री पवित्रा गौड़ से नजदीकियां उसको चुभने लगी थीं। क्योंकि दर्शन पहले से ही शादीशुदा था। वो पवित्रा को गलत मानता था इसलिए उसने पवित्रा की इंस्टाग्राम पोस्ट पर प्रतिक्रिया और पर्सनल मैसेज भेजने शुरू कर दिए थे जो उसकी मौत का कारण बने।
क्या है हत्या का मामला
बेंगलुरु पुलिस के मुताबिक 8 जून को अभिनेता दर्शन ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रेणुका स्वामी की हत्या करवाई थी। हत्या का कारण सिर्फ इतना था इस युवक ने अभिनेत्री पवित्रा गोड़ा के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टग्राम पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जो अभिनेत्री को न सिर्फ नागवार गुजरी, बल्कि उसने दर्शन को रेणुका स्वामी को सबक सिखाने के लिए उकसाया भी था। तब अभिनेता ने अपने एक कर्मचारी से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनवाया उस अकाउंट के जरिए रेणुका स्वामी से दोस्ती कर बात करनी शुरू कर दी। उनकी यह बातचीत चैट के माधियम से लगभग दो महीने तक होती रही।
पुलिस के मुताबिक रेणुका स्वामी इस फर्जी अकाउंट पर भी चैट के जरिए पवित्रा गौड़ के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द लिखता था जिसके बाद दर्शन ने तय किया कि वो रेणुका को जान से मार देगा और 8 जून को अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसकी हत्या भी कर दी।
विवादों से रहा है पुराना नाता
दर्शन भले ही दक्षिण के सुपरस्टार अभिनेताओं में शुमार हों लेकिन उनका नाम कई विवादों से जुड़ा है। साल 2011 में उनकी पत्नी ने उन पर घरेलु हिंसा का आरोप लगाया था। इस मामले में दर्शन की गिरफ्तार हुई थी और वे 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भी रहे थे। फिर वर्ष 2016 में पत्नी के साथ आपत्तिजनक व्यवहार के चलते थाने में रिपोर्ट लिखवाई गई थी। वर्ष 2021 में एक रेस्टूरेंट में वेटर के साथ बदतमीजी करने का आरोप लगा था तो 2022 में एक कन्नड़ फिल्म प्रोडूसर को धमकाने को लेकर मामला दर्ज हुआ था।
उल्लेखनीय है कि रेणुका मर्डर मामले में पैसे की ताकत का इस्तेमाल दर्शन ने खूब किया। उसने अपने तीन कर्मचारियों को हत्या का इल्जाम अपने ऊपर लेने को कहा और इसके बदले उन कर्मचारियों को 30-30 लाख रुपए भी दिए। इन कर्मचारियों ने भी पुलिस के सामने सरेंडर कर युवक की हत्या का जुर्म कबूल कर अपने बयान में पुलिस को बताया कि इनका रेणुका के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़ा इतना बढ़ गया था कि उन्होंने उसकी हत्या कर दी। हत्या की साजिश पूरी तरह से फिल्मी स्टोरी की तरह रची गई थी। दर्शन ने सोचा था कि जब ये लोग सरेंडर कर देंगे तो पुलिस भी फाइल बंद कर देगी लेकिन पुलिस को इन पर शक हो गया था।
पुलिस ने अपनी जांच जारी रखी जिसकी परत कड़ी दर कड़ी खुलती गई और मृतक के फोन लोकेशन की जांच की तो शक सही निकला। ये आरोपी झूठ बोल अभिनेता को बचाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज से इस बात की पुष्टि हुई कि रेणुका स्वामी को अपहरण करके बेंगलुरु के पार्किंग शेड में लाया गया था जहां पहले से अभिनेता दर्शन और उसकी प्रेमिका पवित्रा गौड़ मौजूद थी और इन्हीं के सामने रेणुका की हत्या की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने अभिनेता और अभिनेत्री को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
इस गिरफ्तारी के बाद अब अभिनेता के कई पुराने राज भी खुल रहे हैं। पिछले साल उनके मैनेजर श्रीट्टार की कथित तौर पर खुदकुशी की खबर सामने आई थी जो उनके बेंगलुरु फार्म हाउस में मृत पाए गए थे। इस घटना के बाद अनेकल पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था। अब पुलिस ने श्रीट्टार की फाइल फिर से खोल दी है। कहा जा रहा है कि मैनेजर ने कथित तौर पर आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट और वीडियो मैसेज भी छोड़ा था। उस सुसाइड नोट में उन्होंने अपने आत्महत्या की वजह भी बताई थी। इसके अलावा अभिनेता दर्शन का एक अन्य मैनेजर मल्लिकार्जुन 2018 में लापता हुआ था। सोशल मीडिया पर मल्लिकार्जुन द्वारा कथित तौर पर लिखा गया एक लेटर वायरल हो रहा है जिससे रहस्य और गहरा गया है। जिससे दर्शन और उनके सहयोगियों पर सवाल उठ रहे हैं। लोग अब इसकी जांच की भी मांग कर रहे हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि अभिनेता दर्शन की मुश्किलें कम होने वाली नहीं है।