[gtranslate]
entertainment

ससुर में पिता की परछाई देखती बड़े परदे की बहू

समय बदला, समय के साथ समझदारी बदली और समय-समझदारी के साथ-साथ सपने भी बदले। एक लड़की छोटी उम्र से ही सपने देखती है कि उसे एक अच्छा और जिम्मेदार पति मिले। इसके साथ ही एक अच्छा परिवार मिले जो मायके की तरह ही उसे ससुराल में भी प्यार और सम्मान दे। खासकर पिता तुल्य ससुर में वह उनकी परछाई देखती है। आम लोगों की पारिवारिक जीवन के बारे में तो सबको पता ही होता है, लेकिन जब बात बड़े परदे की बहुओं की हो तो लोगों को यह जानने की उत्सुकता होती है। इनका पारिवारिक रिश्ता और एक-दूसरे के प्रति व्यवहार कैसा होता है। ऐसे में यह कहना कि रील लाइफ और रीयल लाइफ में कोई समानता नहीं, यह कहना गलत होगा। और इसे साबित कर दिखाया है बड़े परदे की कुछ बहुओं ने।

तो आइए सबसे पहले बात करते हैं डायरेक्टर-प्रोड्यूसर महेश भट्ट की छोटी बेटी आलिया भट्ट की। हालांकि आलिया की अभी शादी नहीं हुई है। लेकिन तीन महीने पहले तक आलिया-रणबीर कपूर की शादी की चर्चा सुर्खियों में थी। इसी दौरान 30 अप्रैल की सुबह रणबीर के पिता ऋषि कपूर का निधन हो गया। इससे पूर्व ऋषि कपूर न्यूयॉर्क से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात देकर लौटे थे। अंतिम दिनों में आलिया हॉस्पीटल में उनके साथ ही थी। ऋषि कपूर अलिया-रणबीर की शादी देखने के लिए काफी उत्सुक थे। हालांकि उनकी ये ख्वाहिश पूरी नहीं हो पाई। इस दौरान आलिया और ऋषि कपूर दोनों की बहुत अच्छी बॉन्डिंग हो गई थी। उनके निधन के बाद आलिया ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट लिखा, मैं क्या कहूं उनके बारे में जो मेरी जिंदगी में बहुत सारा प्यार और अच्छाई लेकर आए हों। पिछले दो सालों में मैं उन्हें दोस्त के रूप में जानती हूं। चाइनिज फूड प्रेमी साथी की तरह और खूबसूरत कहानी सुनाने वाले एक पिता से इन दो सालों में मुझे बहुत सारा प्यार और आशीर्वाद मिला, हमें आप हमेशा याद रहेंगे।

अब बात करते हैं विश्व सुंदरी और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की। हाल ही में फादर्स डे पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट में पिता को याद करते हुए दो तस्वीर शेयर की। इन दोनों में एक बात कॉमन है और वो है दोनों ही पिता अशोक चोपड़ा और ससुर पॉल केविन जोनस सिंगर हैं। तस्वीरों में दोनों बैंड के साथ गाना गाते नजर आ रहे हैं। हालांकि अशोक चोपड़ा इस दुनिया में नहीं हैं। यही वजह है कि प्रियंका अपने ससुर में पिता की परछाई देखती है। ससुर पॉल जोनस भी उसे बहुत प्यार देते हैं। इससे पूर्व दिसंबर 2018 में प्रियंका और निक जोनस की शादी के दौरान पॉल केविन जोनस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में दोनों की शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि यह मेरे लिए बहुत ही खास अनुभव है। प्रियंका, मैं हमारे परिवार में तुम्हारा स्वागत करता हूं। तुम दोनों से बहुत प्यार करता हूं। जब तुम मेरी आंखों में देखते हो तब मुझे बताते हो तुम मुझसे प्यार करते हो मेरे बच्चे। जब तक तुम मेरे साथ हो तब तक सब ठीक रहेगा। मुझे तुम्हारी आंखों में जन्नत और अपने लिए प्यार नजर आता है।

नवंबर 2018 में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने पांच साल के प्रेम के बाद शादी कर घर बसा लिया। दीपिका अपने ससुर जगजीत सिंह भवनानी को पिता की तरह सम्मान देती हैं और ससुर भी उसे बेटी जैसा प्यार देते हैं, बल्कि दीपिका से उतना ही प्यार करते हैं जितना की वो अपनी बेटी रीतिका से करते हैं। जब दीपिका अपने काम में व्यस्त रहती हैं और घर में समय नहीं दे पाती तो ससुर डांटते हुए पूछते हैं कैसी बेटी हो हमसे मिलने तक के लिए समय नहीं है। यही वो ससुर और बहू के बीच रिश्ता है, एक पिता और बेटी के बीच है जो एक-दूसरे को जोड़े रखता है।

मई 2018 में सोनम कपूर ने दिल्ली के बिजनेसमैन आनंद आहूजा से शादी की है। पिछले महीने ही 9 जून को सोनम ने अपना 35वां जन्मदिन मनाया है। आनंद के पिता सुनील आहूजा दिल्ली के एक जाने-माने बिजनेसमैन हैं। सोनम और ससुर सुनील आहूजा का रिश्ता बहुत ही खास है। वह भी एक पिता-पुत्री की तरह। सोनम अपने ससुर का बहुत सम्मान करती हैं और उनको अपने पिता की तरह मानती हैं।

अभिनेत्री और टीवी होस्ट नेहा धूपिया ने भी 10 मई 2018 को अभिनेता अंगद बेदी के साथ सिख रीति-रिवाज से प्रेम विवाह किया था। इन दोनों की एक बेटी भी है। नेहा के ससुर का नाम बिशन सिंह बेदी हैं जो कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी रह चुके हैं। बावजूद इसके नेहा के ससुर उसे बहुत प्यार से रखते हैं और नेता भी उन्हें अपने पिता की तरह ही सम्मान देती है।

इस कड़ी में दक्षिण भारतीय अभिनेत्री समंथा रुथ प्रभु का नाम भी जुड़ जाता है। समंथा और अभिनेता नागा चैतन्या की शादी अक्टूबर 2017 में हुई थी। दक्षिण भारतीय सुपरस्टार अक्किनेनी नागार्जुन के खानदान की बहू ससुर नागर्जुन संग भी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। पारिवारिक रिश्तों को देखा जाए तो यह परिवार भी संस्कारों में किसी से कम नहीं है। औरों की तरह यहां भी बहू को बेटी की ही तरह प्यार और सम्मान दिया जाता है।

एक और विश्व सुंदरी और बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन तथा सदी के महानायक अभिताभ बच्चन के रिश्तों से सभी वाकिफ हैं। अमिताभ और ऐश्वर्या दोनों ने एक साथ फिल्मों में काम भी किए हैं। जैसे ‘मोहब्बतें’, ‘बंटी और बबली’ और ‘क्यों हो गया न’ जैसी रोमांटिक फिल्म में भी काम किया है। दोनों की बॉन्डिंग फिल्मी परदे और पारिवारिक जीवन दोनों जगह बहुत मजबूत हैं। ऐश्वर्या भी उन्हें अपने पिता से कम नहीं मानती हैं। अक्सर दोनों अवार्ड शो या फिल्म फेस्टिवल में एक साथ नजर आ ही जाते हैं।

-जनार्दन कुमार सिंह

You may also like

MERA DDDD DDD DD