[gtranslate]
Country

क्या फिर से होगा देश में लॉकडाउन, CM संग PM मोदी करेंगे दो दिन मंथन

क्या फिर से होगा देश में लॉकडाउन, CM संग PM मोदी करेंगे दो दिन मंथन

लॉकडाउन के 2 महीने के कार्यकाल के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से छठी बार बात करेंगे  इसके लिए आज और कल का दिन निर्धारित किया गया है। आज मोदी उन प्रदेशों के मुख्यमंत्री और राज्यपालों से बात करेंगे जहां कोरोना केस कम है। जबकि कल प्रधानमंत्री मोदी उन मुख्यमंत्रियों से मिलेंगे जिनके राज्य में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले मिल रहे हैं।

आज की बैठक में पीएम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों से बातचीत करेंगे। आज पीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उत्तराखंड, पंजाब, झारखंड, छत्तीसगढ़, असम, केरल, त्रिपुरा, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, नागालैण्ड, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, लद्दाख, पुडुचेरी, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दादरा नागर हवेली, दमन दीव और सिक्किम, लक्ष्यद्वीप के मुख्यमंत्री और राज्यपाल शामिल होने वाले हैं। जबकि कल यानी 17 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे, जिन राज्यों में कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार काफी ज्यादा है। 17 जून को पीएम नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात और राजस्थान समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बात करेंगे।

माना यही जा रहा है कि इस बैठक के बाद केंद्र सरकार कोई सख्त कदम उठा सकती है। ऐसी आशंका इसलिए जताई जा रही है क्योंकि 1 जून से शुरु हुए अनलॉक के पहले चरण में नए कोरोना मामलों की बाढ़ आ गई है। महामारी ने इन 16 दिनों में मौत की स्पीड पकड़ ली है, क्योंकि लोग हद दर्जे की लापरवाही बरत रहे हैं। इसीलिए देश भर में यह आम धारणा बन रही है कि जल्दी ही एक अनलॉक का खेल खत्म होने वाला है और देश में पहले से ज्यादा सख्त लॉकडाउन लगने वाला है। यह धारणा देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से बन रही है।

सरकार कहे या न कहे पर लोग लॉकडाउन के एक और दौर की तैयारी कर रहे हैं। मन ही मन उनको इस बात का अंदाजा है कि कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए सरकार फिर लॉकडाउन करेगी। मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को वह सब दिख रहा है, जो देश में हो रहा है। आखिर राजस्थान सरकार ने संक्रमण रोकने के लिए अपनी सीमाएं फिर से सील कर दी हैं। पश्चिम बंगाल की सरकार ने 30 जून तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। मिजोरम की सरकार ने भी दस जून से दो हफ्ते के लिए लॉकडाउन बढ़ाया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चेतावनी दी है कि अगर लोग लॉकडाउन से मिली छूट का फायदा उठा कर मनमानी करते रहे तो सरकार को सारी छूट वापस लेनी पड़ेगी।

सारी बातों का लब्बोलुआब यह है कि सरकार कुछ भी कहे और सरकारी दल राजनीतिक गतिविधियां चला कर लोगों को जितना भी भरोसा दिलाना चाहें लोग हकीकत समझ रहे हैं। तभी दिल्ली और देश के दूसरे तमाम शहरों से रिपोर्ट है कि जरूरी चीजों को छोड़ कर दूसरी किसी चीज की मांग नहीं बढ़ी है। अनलॉक-एक में लोग घूमने जरूर निकले पर खरीददारी सिर्फ जरूरी चीजों की कर रहे हैं। बाजार में जरूरी चीजों का स्टॉक कम हो रहा है। लोग खरीद कर स्टोर कर रहे हैं क्योंकि उनको अंदाजा है कि इस बार ज्यादा सख्त लॉकडाउन लागू हो सकता है।

गौरतलब है कि देश में कोरोना मरीजों की संख्या 3 लाख 30 हजार से अधिक हो चुकी है। वहीं इससे मरने वालों की संख्या भी 9,500 से ज्यादा हो चुकी है। लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बाद से लगातार कोरोना के मामलों में तेजी देखने को मिल रही है। इस बीच सरकार द्वारा टेस्टिंग बढ़ाने व अस्पतालों में बेड्स की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD