देश में धर्म के नाम पर हत्याओं का सिलसिला जारी है। दिल्ली से महज 70 किलोमीटर की दुरी पर हरियाणा के पलवल में दो धर्मो के प्रेमी युगलो की खुशमय जिंदगी में उस समय कोहराम मच गया जब पुरुष की हत्या कर दी गई। प्यार के दुश्मन ज़माने ने दूसरे धर्म की युवती से प्रेम करने की सजा मौत के रूप में दे दी।
हरियाणा के पलवल जिले में दुसरे धर्म में शादी करने पर मुस्लिम युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पलवल के हथीन में 35 साल के उमर शेद की बाइक सवार युवकों ने 7 राउंड फायर करके गोलियो से भून दिया। हत्या की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वारदात से गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
पलवल के गांव मिठाका के रहने वाले दाउद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके पुत्र उमर शेद ने रेवाड़ी जिला निवासी कविता (काल्पनिक नाम) से शादी की थी और कविता ने उमर शेद के साथ रहने का फैसला किया था। सात फरवरी 2019 को कविता अपने घर से उमर शेद के पास चली गई। कविता के परिजनों ने अपने नजदीक थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया।
जिसके बाद वहां से पुलिस आई और उमर शेद व कविता को अपने साथ ले गई। कविता के परिजन उसे अपने साथ ले गए। अपनी जान का खतरा देखते हुए कविता ने सारी जानकारी व्हाट्सप के जरिए उमर शेद को दे दी। जिसके बाद उमर शेद नें हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
बाद में कविता भागकर उमर शेद के पास आ गई। जिसके बाद कविता के परिजनों की तरफ से उमर शेद के धमकियां मिलने लगी। उमर शेद ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सुरक्षा मांगी और उन्हें सुरक्षा के आदेश दे दिए ।.सात सिंतबर की शाम सात बजे उमर शेद कविता को लेकर अपने घर आ गया। रविवार सुबह सात बजे उमर शेद बाइक पर सवार होकर किसी काम से बाजार जा रहा था। उसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उमर शेद पर ताबड़तोड़ गोलियों से हमला कर दिया। हमलावरों ने आठ-दस राउंड फायर किए। उमर शेद को सात गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।