[gtranslate]
Country

उत्तर प्रदेश रंग बदलती राजनीति

उगते सूरज को हर कोई सलाम करता है। शायद यही वजह है कि सातवें चरण की चुनावी परिक्रमा पूरी होने से पहले ही उत्तर प्रदेश के लोगों में समाजवादी पार्टी  के सत्ता में आने का उत्साह शुरू होने लगा है। कहा भी जाता है कि जब सूबे में सत्ता परिवर्तन होता है तो सबसे पहले नौकरशाही को अंदाजा हो जाता है। नौकरशाही पूर्व में जिस सरकार के साथ काम किए होती है नई सरकार आने से पहले ही वह रंग बदलती प्रतीत होने लगती है।  ऐसा ही आजकल उत्तर प्रदेश के अयोध्या में देखने को मिल रहा है। जहां राजनीति के रंग जिलाधिकारी आवास के बोर्ड पर उतर आए हैं। अयोध्या के जिलाधिकारी का बोर्ड जिस तरह रंग बदल रहा है, उसी तरह प्रदेश में सत्ता की आहट को बखूबी महसूस किया जाने लगा है। इसके चलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अयोध्या के जिलाधिकारी के निवास के सामने लगे बोर्ड का रंग बदलते ही सोशल मीडिया में इसे जमकर वायरल किया।
सोशल मीडिया में जिलाधिकारी के बोर्ड का रंग बदलना वायरल हो जाने के बाद यह मामला सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन चुका है। हालांकि 24 घंटे के बाद जिलाधिकारी के निवास के सामने लगा बोर्ड का रंग पुराने स्वरूप में आ गया। लेकिन इससे पहले ही समाजवादी पार्टी के समर्थकों में इसे लेकर खुशी जाहिर कर दी और इसके बहाने प्रचारित करना शुरू कर दिया कि अखिलेश आ रहे हैं। 2017 में जब उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी तब ज्यादातर आईएएस अधिकारियों के निवास के बोर्ड के रंग बदल दिए गए। सभी के बोर्ड भगवा कलर के कर दिए गए थे।  2017 से ही अयोध्या के जिलाधिकारी के आवास को प्रदर्शित करता बोर्ड भी भगवा कलर में रंगा गया था। लेकिन कल अचानक इस बोर्ड का रंग परिवर्तित हो गया। बोर्ड का रंग भगवा कलर से हरे कलर में बदल दिया गया। यह रंग परिवर्तन किस अधिकारी के आदेश पर किया गया ? इसका कोई सबूत अभी तक सामने नहीं आया है। लेकिन अयोध्या के जिलाधिकारी नीरज कुमार इसके लपेटे में आते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि अयोध्या के जिलाधिकारी नीरज कुमार ने रंग बदलने की राजनीति का सारा ठिकरा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के ऊपर फोड़ दिया है। क्योंकि जिलाधिकारी का आवाज पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में है और यहां होने वाली सभी गतिविधियां पीडब्ल्यूडी अधिकारी संचालित करते हैं।  लेकिन सवाल यह है कि अगर हनुमानगढ़ी के पुजारी इस मामले में कार्यवाही की मांग नहीं करते तो रंग बदलती राजनीति का यह रंग बदलने का खेल जारी रहता। बताया जा रहा है कि कल सुबह से ही जब लोगों ने जिलाधिकारी के बोर्ड का रंग हरा हुआ देखा तो हर कोई दंग रह गया ।  ज्यादातर लोग इसे अपने मोबाइलों में कैद करके सोशल मीडिया पर चलाने लगे। लेकिन हनुमानगढ़ी के पुजारी रमेश दास ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने इसे भाजपा के खिलाफ साजिश बताकर चुनाव आयोग से अयोध्या के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर डाली। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और 24 घंटे में ही जिलाधिकारी के हो चुके बोर्ड को भगवा रंग में बदल दिया गया।

You may also like

MERA DDDD DDD DD