[gtranslate]
Country

गोवा में टीएमसी ने बढ़ाई कांग्रेस की मुश्किलें  

तटीय राज्य गोवा में कुछ ही महीनों के भीतर विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों की सक्रियता और तृणमूल कांग्रेस की एंट्री से राज्य की राजनीति गरमाने लगी है। प्रदेश में इस बार टीएमसी को लेकर यह सवाल उठाने लगे  है कि उसकी एंट्री से गोवा चुनाव में किस पार्टी को फायदा होगा।

 

 


गोवा में अल्पसंख्यक वोटों पर टीएमसी की नजर

 

दरअसल , टीएमसी बंगाल की तर्ज पर गोवा में भी अल्पसंख्यक वोटों पर अपनी नजर गढ़ाई हुई है। राज्य में  35 फीसदी अल्पसंख्यक मतदाता हैं। ऐसे में तृणमूल कांग्रेस की सक्रियता से इस बात की अटकलें तेज हो गई हैं कि वह भाजपा को सत्ता से बाहर करती है या फिर कांग्रेस को कमजोर करती है। जिससे एक बार फिर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ सकता है।

दूसरी तरफ  कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के गोवा दौरे के साथ ही राज्य में चुनावी पारा बढ़ने लगा है। प्रियंका गांधी ने यूपी की तरह यहां भी महिलाओं पर फोकस किया है। उन्होंने आदिवासी महिलाओं से बात की और  सप्तकोटेश्वर मंदिर जाने के बाद गोवा मुक्ति संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि देने भी पहुंची। प्रियंका ने गोवा की महिलाओं को 2022 के विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों को अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए राज्य में प्रवेश करने वाली “नई पार्टियों” से सावधान रहने की भी चेतावनी दी।चुनाव प्रचार में कांग्रेस बढ़त पर नजर आती है।लेकिन तृणमूल कांग्रेस के बड़े-बड़े होर्डिंग भी उसकी चुनावी तैयारियों को दर्शाते हैं।

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी दो महीने से भी कम समय में दूसरी बार गोवा का दौरा करेंगी। बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी 13 दिसंबर को गोवा जा सकती हैं। इससे पहले ममता बनर्जी अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में गोवा गई थीं।उन्होंने मछुआरा समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की थी और उनके लिए विकास योजनाएं लाने की घोषणा की थी।

ममता ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि पार्टी राजनीति को लेकर सीरियस नहीं है। इससे पीएम मोदी और मजबूत हो जाएंगे। उन्होंने कहा था कि देश इसलिए परेशानियां झेल रहा है क्योंकि कांग्रेस ने फैसले नहीं लिए। ममता बनर्जी ने कहा  अगर टीएमसी सत्ता में आई तो सब्सिडी को 2.5 गुना यानी 30 हजार से 75 हजार  रुपये तक बढ़ा दिया जाएगा। जो महिलाएं व पुरुष फिशिंग एक्टिविटीज में शामिल हैं, उनको 4 हजार  रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। बता दें कि कांग्रेस ने गोवा विधानसभा की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। फिलहाल बीजेपी गोवा की सत्ता में है।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह गोवा में बीजेपी के लिए रास्ता बना रही हैं। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एक नया विपक्षी मोर्चा पेश करके गोवा में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन कर रही हैं। वह सोचती हैं कि कांग्रेस गोवा में प्रदर्शन नहीं करेगी, लेकिन यह भूल गई है कि वह कांग्रेस की कृपा से राष्ट्रीय नेता बनीं।

 

पश्चिम बंगाल का फॉर्मूला अपना रही टीएमसी 

 

गोवा में 30 फीसदी ईसाई और  5 फीसदी आबादी मुस्लिम। जबकि 65 फीसदी हिन्दू हैं। इस प्रकार 35 फीसदी अल्पसंख्यक मत महत्वपूर्ण हैं। पश्चिम बंगाल में अल्पसंख्यक मतों के सहारे भाजपा को हराने के बाद तृणमूल की नजर इन 35 फीसदी मतों पर है। इस पर अब तक कांग्रेस या कुछ स्थानीय पार्टियों का प्रभाव रहा है।लेकिन जिस प्रकार से तृणमूल कांग्रेस की अल्पसंख्यक राजनीतिक की छवि पश्चिम बंगाल में मजबूत हुई है, उसे वह गोवा में भी भुनाने की कोशिश कर रही है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD