नोएडा। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार थम ही नहीं पा रहे हैं। राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार इस पर अंकुश लगाने में बुरी तरह फेल हुई है। इस बीच दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले में 24 घंटे के दौरान रेप, गैंगरेप और छेड़छाड़ की चार वारदातें सामने आने पर लोग भयभीत हैं। हर किसी को अपनी सुरक्षा की चिंता हो गई है। गौतमबुध नगर में बल्लात्कार की पहली घटना इकोटेक थर्ड कोतवाली एरिया में हुई।
यहां 19 साल के एक युवक ने 12 साल की एक नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बना डाला। युवक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को एनकाउंटर तक करना पडा़। डीसीपी महिला सुरक्षा वृन्दा शुक्ला के मुताबिक बच्ची अपने मकान से कुछ दूरी पर खाली प्लॉट पर शौच के लिए गई थी। इसी बीच आरोपी ने उसे दुष्कर्म का शिकार बना लिया। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मास्क पहनकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर भागने का प्रयास किया. लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
दूसरी घटना थाना 49 एरिया के सलारपुर गांव की है। यहां पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने 7 वर्षीय बच्ची के साथ रेप किया। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उपायुक्त वृंदा शुक्ला ने बताया कि आरोपी विवेक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सलारपुर गांव का ही रहने वाला है। वह बच्ची के पड़ोस में रहता है।
बादलपुर कोतवाली एरिया के छपरोला गांव में भी एक 15 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवक युवती को बहला-फुसलाकर कर ले गए और गैंगरेप किया। शोर मचाने और घटना की जानकारी परिजनों को देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस उपायुक्त वृंदा शुक्ला के अनुसार गैंगरेप की घटना के आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं, नोएडा के सेक्टर-24 थाना एरिया में एक लड़की के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। हालांकि परिजनों का आरोप है कि उनकी लड़की के साथ पड़ोसी ने रेप किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामले की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रेप की घटना की जांच कर रही हैं।