पूरी दुनिया पर्यावरण के लिए अभियान चला रही है और इसके संरक्षण की अपील कर रही है। पर्यावरण को बचाने के लिए अलग-अलग देश अभियान चला रहे हैं। कुछ ऐसा ही अभियान अफ्रीकी देश केन्या में भी चलाया जा रहा है। इस देश ने लोगों को पेड़ लगाने के लिए सार्वजनिक छुट्टी देने का एलान किया है।
इस अभियान की शुरुआत पिछले हफ्ते ही की गई थी। केन्या सरकार का उद्देश्य 10 वर्षों में 15 अरब पेड़ लगाने का है। सरकार के लक्ष्य के पहले हिस्से के रूप में केन्या वासियों को 100 मिलियन पेड़ लगाने हैं और इसी के लिए विशेष अवकाश की घोषणा की गई है।
केन्या के पर्यावरण मंत्री सोइपान तुया का कहना है कि यह अवकाश हर केन्या वासियों को इस पहल से जोड़ने के लिए मिला है। इस अवकाश में हर केन्या वासी को अधिकतम दो पौधे लगाने की अपील की गई है।
केन्या ने इस वृक्षारोपण अभियान के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की है। यहां की नर्सरियों में लगभग 150 मिलियन पौधे तैयार कराये गये हैं। सार्वजनिक क्षेत्रों में रोपण के लिए सरकार द्वारा मुफ्त में पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।