कोरोना का संकट चारों तरफ फैला हुआ है। इससे सभी डरे हुए हैं। अब खबर आई है कि रक्षा सचिव अजय कुमार में कोरोना वायरस के लक्षण दिखे हैं। यह खबर आधिकारिक सूत्रों के हवाले से सामने आई है। खबर के अनुसार लगभग 35 अधिकारियों को क्वारेनटाइन किया गया है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय में भी कई अधिकारियों के संक्रमित पाए जाने की खबर है।आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि रक्षा सचिव में बुधवार को कोविड-19 संक्रमण के लक्षण दिखाई दिए जिसके बाद रक्षा मंत्रालय ने उनके संपर्क में आए सभी लोगों का पता लगाने का व्यापक अभियान शुरू किया।
खबरों के मुताबिक, अजय कुमार में लक्षण दिखाई देने की जानकारी होने के बाद रायसीना हिल्स के साउथ ब्लॉक में मंत्रालय के मुख्यालय में कार्यरत लगभग 35 अधिकारियों को घरों में ही पृथक-वास में भेजा गया। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया कि रक्षा सचिव में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है या नहीं? वहीं रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले में टिप्पणी करने से इंकार किया है।
जबकि सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि अजय कुमार संक्रमित पाए गए हैं। माना यह भी जा रहा है कि सावधानी बरतने के मद्देनजर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यालय नहीं आए। रक्षा मंत्री, रक्षा सचिव, सेना प्रमुख और नौसेना प्रमुख के कार्यालय साउथ ब्लॉक के प्रथम तल पर हैं। अभी इस बात का पता नहीं चल पाया कि अजय कुमार को किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है या नहीं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। बताया जा रहा है कि मंत्रालय ने कई अधिकारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद इन निर्देशों को जारी किया है। निर्देशों में अधिकारियों और कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, हमेशा मास्क लगाए रहने की हिदायत दी गई है।
मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और स्वास्थ्य मंत्रालय के कई अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसलिए केवल मास्क पहने कर्मचारियों और अधिकारियों को ही कार्यालय में जाने की अनुमति दी जाएगी। मंत्रालय ने कोई फिजिकल मीटिंग न करने के भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके स्थान पर वर्चुअल मीटिंग/वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में 9,304 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। जबकि 260 लोगों की मौत हुई है। कुल मामलों की संख्या अब 2,16,919 हो गई है जिसमें 1,06,737 सक्रिय मामले। देश में 1,04,107 लोग ठीक हुए हैं। वहीं 6,075 लोगों की मौत अब तक हो चुकी है।