इस साल जनकपुरी की शिनी सोनी के सर परमिस ट्रांसक्वीन इंडिया – 2020 का ताज सज गया है। शिनी पिछले तीन साल से फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। उन्होंने इससे पहले की कई मिस ट्रांसक्वीन इंडिया विजेताओं को प्रशिक्षित किया है।
वह अगले साल थाईलैंड में आयोजित होने जा रही मिस इंटरनेशनल क्वीन प्रतियोता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। पिछले तीन सालों से फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में काम कर रहीं शिनी सोनी मिस ट्रांसक्वीन का ताज पहनकर खासा उत्साहित दिखीं। उन्होंने कहा कि यह ताज एक आत्मविश्वास से लबरेज एक मजबूत आवाज देता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अगले साल मिस इंटरनेशनल क्वीन का ताज भी वह जरूर जीतेंगी और देश का गौरव बढ़ाएंगी।
शिनी सोनी ने कहा कि उनके सर पर सजा यह ताज देश में लैंगिक समानता के आधार को भी मजबूती प्रदान करता है। भविष्य में वह दिल्ली के अलावा देश के दूसरे राज्यों के स्कूल पाठ्यक्रम में ट्रांसजेंडर समुदाय के बारे में जागरूकता के प्रस्ताव को शामिल कराने की दिशा में काम करेंगी। एलजीबीटीक्यूआई समुदाय के जीवन को सामान्य बनाने की दिशा में भी काम करेंगी। वह चाहती हैं कि समाज ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को उसी रूप में स्वीकार करे, जैसे वह हैं।
कार्यक्रम का एक मात्र मकसद ट्रांसजेंडर समुदाय को सशक्त बनाना
जनपथ स्थित कनाट क्लब हाउस में आयोजित मिस ट्रांसक्वीन इंडिया – 2020 के ताजपोशी कार्यक्रम में 2019 की मिस ट्रांसक्वीन इंडिया नीतू आरएस ने शिनी के सर पर ताज पहनाकर उनका स्वागत किया। ट्रांसक्वीन इंडिया की संयोजक रीना राय ने बताया कि 2016 में उन्होंने यह प्रतियोगिता शुरू की थी। जिसका एकमात्र मकसद ट्रांसजेंडर समुदाय को सशक्त बनाना है।
यह प्रतियोगिता का चौथा साल है। लेकिन कोरोना महामारी के कारण इस साल सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन नहीं किया गया। बल्कि जूरी सदस्यों की सहमति से शिनी सोनी को मिस ट्रांसक्वीन इंडिया – 2020 चुना गया। ट्रांसक्वीन इंडिया की संयोजक रीना राय ने भरोसे के साथ कहा कि शिनी सुंदर होने के साथ-साथ खासा बुद्धिमान भी हैं। उन्हें विश्वास है कि वह इंटरनेशनल क्वीन प्रतियोगिता जरूर जीतकर आएंगी।