देश कोरोना वायरस चरम पर है जिसको रोकने के लिए लाखों कोशिशकी जा रही है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 69 हजार 878 नए मामले सामने आए हैं और 945 लोगों की मौत हो गई है।देश में कोविड -19 संक्रमण का आंकड़ा 29 लाख 75,701 पहुंच गया है। देश में मरने वालों की कुल संख्या 55 हजार 794 पहुँच गई है। इसकी चपेट में आम लोगों से लेकर बड़े -बड़े नेता अभिनेता तक आ चुके हैं।
इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन और उनकी पत्नी रूपी सोरेन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कल 21 अगस्त को देर रात इनके पॉजिटिव होने की सूचना आई। एक उच्च प्रशासनिक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। पिछले दिनों शिबू सोरेन के आवास से 11 लोग संक्रमित मिले थे। कांटैक्ट ट्रेसिंग के आधार पर इन दोनों का सैंपल लिया गया था।
सूत्रों के अनुसार 76 वर्षीय शिबू सोरेन फिलहाल स्वस्थ हैं, उनमें कोरोना के कोई लक्षण नजर नहीं आ रहे। वहीं, शिबू सोरेन के पुत्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पूरी कैबिनेट पहले ही क्वारंटाइन है। सोमवार 24 अगस्त को सीएम समेत सभी मंत्रियों की कोरोना जांच होगी। कल 21 अगस्त को ही डाल्टनगंज विधानसभा के भाजपा विधायक आलोक चौरसिया भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। पूरे राज्य में 955 नए केस सामने आए तो 927 भी हुए। 13 संक्रमितों की जान गई है।
राज्य में अबतक 338 कोरोना मरीजों की जान गई है। कल 21 अगस्त को सबसे अधिक 241 मरीज धनबाद में मिले। इसके बाद रांची में 180 नए मरीज मिले। बोकारो में भी 106 नए संक्रमित की पहचान हुई। वहीं, पूर्वी सिंहभूम में 96 नए संक्रमित मिले।
नए संक्रमित की पहचान होने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 9 हजार 480 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले बढ़कर 28 हजार 196 हो गए हैं। हालांकि इनमें 18 हजार 372 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इससे राज्य में स्वस्थ होने की दर बढ़कर अब 65.15 फीसद हो गई है।
हालांकि राहत की बात यह है कि देश में कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 62 हजार 282 मरीज ठीक हुए। अब तक कुल 21 लाख 58 हजार मरीज रिकवर हो चुके हैं। दुनिया के दूसरे देशों का उदाहरण देखें तो भारत कोविड-19 के पीक के नजदीक पहुंच चुका है। इसका मतलब है कि अब मरीजों की संख्या घटने लगेगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में रिकवरी रेट अब 74 पर्सेंट (21 अगस्त को 74.28% रिकवरी) से अधिक हो चुकी है। 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रिकवरी रेट 50 पर्सेंट से पार है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि देश में कोरोना से मृत्यु की दर दुनिया के औसत से कम है और इसमें लगातार गिरावट आ गई है।