देश में एक ओर जहां पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासत गरमाई हुई है वहीं दूसरी तरफ बिहार में आरआरबी-एनटीपीसी रेलवे भर्ती परीक्षा को लेकर बवाल मचा हुआ है।

बिहार बंद , विपक्ष ने लपका छात्रों का आंदोलन
हालांकि बढ़ते बबाल के बीच केंद्र सरकार ने छात्रों की सभी मांगें मान ली हैं। इसके बावजूद भी यह बबाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिहार आज बिहार बंद का आयोजन किया गया है। पटना, गया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा सहित बिहार के सभी बड़े शहरों में सुबह से ही जगह-जगह रास्तों को जाम कर दिया गया है। कहीं सड़कों पर टायर जलाए जा रहे हैं तो कहीं नारेबाजी की जा रही है। हालांकि, छात्रों के इस आंदोलन को अब विपक्ष ने लपक लिया है। सड़कों से छात्र नदारद हैं तो राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी, कांग्रेस और लेफ्ट के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं।
पटना में सुबह ही कई सड़कों पर आरजेडी के कार्यकर्ता उतर आए। टायरों को जलाते हुए सड़कों को जाम कर दिया। कई जगह पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ता तो कुछ जगहों पर कांग्रेस और लेफ्ट के कार्यकर्ता ने जाम लगा दिया। मोदी-नीतीश के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। गांधी सेतु पर प्रदर्शन की वजह से यहां कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह से ही विपक्षी दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। महुआ विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने रामाशीष चौक पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। पटना में भिखना पहाड़ी इलाके में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने आगजनी की।
दरभंगा में संपर्क क्रांति ट्रेन का रास्ता रोका
दरभंगा में भी जगह-जगह आरजेडी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। दरभंगा रेलवे स्टेशन पर आईएसए और आरजेडी के कार्यकर्ता पहुंचकर हंगामा करने लगे। कार्यकर्ता ट्रैक पर बैठ गए और दरभंगा संपर्क क्रांति का रास्ता रोक दिया। आरजेडी के कार्यकर्ता ट्रेन के इंजन पर चढ़कर नारेबाजी करते रहे।
वैशाली में भी सड़क जाम
वैशाली में हाईवे पर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायरों में आग लगाकर रास्ता रोक दिया। यहां मोदी और नीतीश का पुतला भी फूंका गया। गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं और कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे।
सड़कों उतरे पर भाकपा माले और महागठबंधन के कार्यकर्ता
जहानाबाद में बिहार बंद के द्वारा भाकपा माले एवं महागठबंधन के कार्यकर्ता सुबह में ही सड़क पर उतर गए। कार्यकर्ता सड़क पर प्रदर्शन कर बंद को सफल बनाने की अपील कर रहे हैं। जहानाबाद के अरवल मोड़ ,काको, मखदुमपुर सहित कई जगहों पर एनएच पर टायर जलाकर आवागमन को बाधित किया। काको में एनएच 110 पर दुपहिया वाहन को छोड़कर सभी वाहनों का परिचालन ठप हो गया है। हालांकि व्यवसायिक प्रतिष्ठान अभी रोज की तरह खुले हैं। ट्रेन परिचालन सामान्य है । स्टेशनों पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
समस्तीपुर में रोड जाम
समस्तीपुर में भी बिहार बंद का असर देखा जा रहा है। सुबह से ही विपक्षी दलों के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। समस्तीपुर-पटना रोड पर एसडीओ कार्यालय के पास प्रदर्शन की वजह से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। यहां कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दफ्तरों को निकले लोग काफी परेशान दिखे।
औरंगाबाद में बंद कराया बाजार
आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा को लेकर जिले में विभिन्न छात्र संगठनों के लोग सड़क पर उतरे और टायर जलाकर बाजार को बंद कराया। जिला मुख्यालय समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में छात्रों ने प्रदर्शन किया। हसपुरा प्रखंड मुख्यालय में छात्रों ने बाजार को बंद करा दिया। विपक्षी पार्टियों ने बंद का अपना समर्थन दिया है। बस स्टैंड तीन मुहान पर टायर जलाकर जमकर प्रदर्शन किया। नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे भी लगाए। हसपुरा में सुबह से ही बाजार बंद का असर दिखने लगा था। बड़े वाहन और पटना जाने वाली गाड़ियां बंद रही।
अररिया में राजद कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम
आरआरबी एनटीपीसी रिजल्ट में गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच और छात्रों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर शुक्रवार को बिहार बंद का महागठबंधन समेत तमाम विपक्षी पार्टियों ने समर्थन किया है। शुक्रवार की सुबह से ही महागठबंधन खासकर राजद के कार्यकर्ता रानीगंज काली मंदिर के समीप बड़े वाहनों को रोक कर सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। राजद प्रखंड अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष बशीरुद्दीन के नेतृत्व में दर्जनो कार्यकर्त्ता रानीगंज बस स्टैंड, ब्लॉक चौक, रामपुर चौक, आदि जगहों पर सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर राजद प्रखंड अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि यह केंद्र और राज्य सरकार छात्र और किसान विरोधी है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खान सर ने की अपील
पटना के मशहूर टीचर और यूट्यूबर खान सर ने एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने छात्रों से शुक्रवार को किसी प्रकार का प्रोटेस्ट या प्रदर्शन नहीं करने की अपील की है। उन्होंने छात्रों से कहा कि आप किसी तरह के बंद में शामिल ना हों। आपकी मांगों को मान लिया गया है। आप किसी तरह के उपद्रव में शामिल नहीं हो। आप पूरी तरह से पढ़ाई पर ध्यान दें।
जानिए पूरा मामला
रेलवे भर्ती बोर्ड की गैर तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (आरआरबी-एनटीपीसी) परीक्षा 2021 परिणाम के विरोध में छात्रों ने कर बिहार और यूपी में विरोध प्रदर्शन किया, जो अन्य हिस्सों में फैल गया। इस दौरान छात्रों की पुलिस के साथ भी झड़प हुई। विरोध प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। विरोध-प्रदर्शन की घटनाएं पटना, नवादा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, बक्सर और भोजपुर जिलों से हुई। कुछ जगहों पर गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया और सुरक्षा बलों से भिड़ गए और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। साथ ही छात्रों ने बिहार में गया रेलवे जक्शन के आउटर सिग्नल पर खड़ी एमटी ट्रेन के कोच में आग लगा दी है। आग इतनी भयंकर लगी कि धुएं का गुबार देखने को मिला।
प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि 2019 में जारी आरआरबी अधिसूचना में केवल एक परीक्षा का उल्लेख किया गया था। उन्होंने अधिकारियों पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। दरअसल ,परीक्षा परिणाम 15 जनवरी को घोषित होने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ा है। उस समय रेल मंत्रालय ने एक स्पष्टीकरण जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि अधिसूचना में दूसरे चरण की परीक्षा का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था। सीबीटी के पहले चरण की परीक्षा सभी उम्मीदवारों के लिए एक सामान्य परीक्षा थी।