राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो पदयात्रा’ इस समय महाराष्ट्र में है। इस पदयात्रा को देशभर के कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया मिल रही है। लगातार इस यात्रा को जनसमर्थन के साथ – साथ बॉलीवुड हस्तियों का भी साथ मिलता नजर आ रहा है। राहुल गांधी की पदयात्रा महाराष्ट्र के वाशिम जिले से होते हुए पातुर पहुँची तो बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया सेन ने इस यात्रा में हिस्सा लिया। बॉलीवुड एक्ट्रेस और फिल्ममेकर पूजा भट्ट, अभिनेता सुशांत सिंह के बाद रिया सेन ने भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हिस्सा लिया है। दरअसल अभिनेत्री रिया सेन की राहुल गांधी के सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इस मौके पर रिया जींस और टॉप पहने और गॉगल्स लगाए नजर आईं।
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश राज्यों से होते हुए पदयात्रा पिछले सप्ताह महाराष्ट्र पहुंची। रिया से पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस पूजा भट्ट भी भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लेती नजर आई थीं।
रिया सेन मशहूर एक्ट्रेस मुनमुन सेन की बेटी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक बाल कलाकार के रूप में की थी। वह फाल्गुनी पाठक के गाने ‘याद पिया की आने लगी’ में भी नजर आई थीं। फिल्म ‘अपना सपना मनी – मनी’ ने रिया को लोकप्रियता दिलाई। रिया ने हिंदी के अलावा मलयालम, तेलुगु, तमिल और बंगाली फिल्मों में भी काम किया है।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी में श्री पेरुंबदूर इलाके से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी। यह स्थान पार्टी के लिए इसलिए महत्वपूर्ण रहा है क्योंकि इसी स्थान पर देश के पूर्व पीएम राजीव गांधी की हत्या हुई थी। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, 3 हजार 500 किलोमीटर की पैदल यात्रा पार्टी को फिर से जीवंत करने में मदद करेगी। कांग्रेस की यह यात्रा करीब 150 दिन तक चलेगी और 12 राज्यों का भ्रमण करते हुए कश्मीर पर समाप्त होगी। इस दौरान राहुल गांधी समेत कांग्रेसी नेता पैदल ही इस यात्रा को पूरा करेंगे।