हिमाचल विधानसभा चुनाव की तारिख जैसे -जैसे नजदीक आ रही है। उसी रफ्तार से दलों का प्रचार अभियान जोर पकड़ रहा है । इसी शृंखला में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंडी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया है। इस जनसभा सम्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित बीजेपी को सवालों के घेरे में लिया गया है। लोगों को उन्होंने सम्बोधित करते हुए कहा कि सीएम जयराम ठाकुर ने मंडी के लिए क्या किया है? आज 63 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन आपको रोजगार नहीं मिल रहा है, क्योंकि उनका आपको रोजगार देने का इरादा नहीं है।
प्रियंका गाँधी के मुताबिक शिक्षकों की भर्ती हो या पुलिस की, हर भर्ती में घोटाला है। आज के समय में जीएसटी और कमरतोड़ महंगाई ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। प्रियंका गाँधी ने कहा कि हमारे युवा देश के लिए शहीद होने को तैयार हैं, लेकिन सरकार उनके लिए अग्निवीर लेकर आ रही है। केंद्र सरकार के घेरे में लेते हुए उन्होंने कहा सरकार कह रही है कि आपको न कोई पेंशन मिलेगी, न कोई रैंक और चार साल बाद आप घर लौट जाइए।
कांग्रेस महासचिव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि गुजरात से हिमाचल प्रदेश तक की जनता भाजपा की नाकाम नीतियों से परेशान है। भाजपा सरकार की नीतियां केवल उनके उद्योगपति मित्रों के लिए हैं, किसानों को उनकी फसलों की कीमतें तय करने का अधिकार नहीं है। फसलों की कीमते उद्योगपतियों द्वारा तय किये जा रहे हैं। उनके अनुसार भाजपा की यह राजनीति पिछले पांच सालों से जारी है । उन्होंने लोगों से पूछा है कि क्या आप इनको पांच साल और देंगे , क्या भाजपा ने आपसे किए गए वादों को पूरा किया है।
कॉंग्रेस महासचिव के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर सीधा निशाना साधा । इस दौरान इन्होने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आपसे कई वादे किए थे लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। यही समय है कि आप जयराम को ‘जय राम’ करें और राज्य में कांग्रेस की सरकार लाएं।