नई दिल्ली। लगता है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बदमाशों को पुलिस –प्रशासन का जरा भी खौफ नहीं रहा। वे न सिर्फ सार्वजनिक स्थलों पर फायरिंग कर रहे हैं, बल्कि घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चों तक को पीट रहे हैं। उत्तरी दिल्ली के काश्मीरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोरी गेट कूचा मोहतर खां में कल देर रात को ऐसा ही घटित हुआ। यहां रात 12 बजे के लगभग हथियारों से लैस करीब दर्जनभर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। उन्होंने क्षेत्र में कार, ऑटो, बाइक और स्कूटी जैसे वाहनों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की। बदमाशों का तांडव यहां शांत नहीं हुआ, बल्कि उन्होंने कई घरों में घुसकर बच्चों और महिलाओं के साथ मारपीट भी की। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि वारदात के समय लोग अपने-अपने घरों में सोए सोए हुए थे। अचानक गोलियां चलने की आवाज आई तो वे डर गए। हिम्मत जुटाकर कुछ लोगों ने बाहर देखा तो उनके कलेजे हुल गए। बदमाश बेखौफ मनमानी कर रहे थे। वाहनों को निशाना बनाने के बाद वे कुछ घरों में भी घुस गए और उन्होंने महिलाओं और बच्चों से मारपीट की। इस स्थिति में लोगों का दहशत में आना स्वाभाविक है।