घटना – एक
पश्चिमी बंगाल में कोलकाता पुलिस ने पिछले हफ्ते जेनेटिक्स में मास्टर एक डिग्री धारक कथित समाज सेवक को गिरफ्तार किया था। इस नकली समाज सेवक ने आठ नकली वैक्सीनेशन कैंप लगवाए थे। उसके द्वारा लगवाए गए एक – एक कैंप में कम से कम 250 लोगों को इंजेक्शन लगाया गया था। चौकाने वाली बात यह है कि कोलकाता पुलिस ने नकली वैक्सीनेशन कैंप चलाने वाले जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, उसके फोटो टीएमसी नेताओं, मंत्रियों के साथ मिले है। यह फोटो वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों और वीडियो के सामने आने से राज्य में राजनीतिक तपिस चरम पर है।
घटना – दो
पश्चिम बंगाल से टीएमसी सांसद-और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती के साथ धोखा हो गया। चक्रवती ने खुद ही इसका खुलासा किया। साथ ही उन्होंने कोलकाता में एक नकली कोविड टीकाकरण कैंपेन करने वाले एक शख्स का भंडाफोड़ कर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मिमी के मुताबिक, शख्स ने कहा था कि आप कैंप में वैक्सीन लगवाएंगी तो आपको देखकर बाकी लोग भी वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित होंगे। वैक्सीन लगवाने के बाद मिमी के पास वैक्सीनेशन कंफर्मेशन का कोई मैसेज नहीं आया तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। इसके बाद उस शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस शख्स का नाम देबांजन देव है। देबांजन को खुद को आईएएस ऑफिसर बता रहा था। देबांजन कहना था कि उसने कोलकोता में चल रहे वैक्सीनेशन कैंप का मुआएना भी किया था। कहा जा रहा है कि देबांजन ने सैंकड़ों लोगों को फर्जी वैक्सीन लगाई। कोलकाता पुलिस बड़े पैमाने पर इसकी जांच करने में जुट गई है।
घटना – 3
कुछ दिनों पहले मुंबई के कांदिवली स्थित हीरानंदानी हेरीटेज सोसाइटी के नागरिकों को नकली वैक्सीन लगाये जाने की शिकायत सामने आई। कांदिवली की हीरनंदानी हाउसिंग सोसायटी में कैम्प लगाया गया था। बाद में अलग-अलग अस्पतालों के सर्टिफिकेट आने पर लोगों ने संदेह जाहिर किया था। जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही है और अब चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यहां आयोजित हुए वैक्सीनेशन कार्यक्रम में प्रति डोज 1260 रुपये वसूले गये थे।
Read : जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में गरमाई यूपी की राजनीति
8 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार किया
इस मामले में अब मुंबई में कई स्थानों पर नकली वैक्सीनेशन कैंप आयोजित करने वाले गैंग को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उनके पास से 12 लाख 40 हजार रुपये जब्त किये हैं। ये रकम इस गैंग ने फर्जीवाड़ा करके प्राप्त की थी। जांच में पता चला कि नकली वैक्सीनेशन के लिए वैक्सीन की आपूर्ति चारकोप स्थित शिवम हॉस्पिटल से की जा रही थी जिसकी वजह से इस हॉस्पिटल के मालिक डॉ शिवराम पटारिया और नीता पटारिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
नकली वेक्सीनेशन से 2000 लोग अब तक शिकार
पुलिस जाँच में सामने आया है कि अकेले महाराष्ट में ही नकली वेक्सीनेशन से करीब 2000 लोग अब तक शिकार हो चुके हैं। इस मामले में पुलिस ने 7 मामले दर्ज किए हैं और अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चूका है। जिसमें एक महिला भी शामिल बताई जा रही हैं। जिन्होंने कोविन अकाउंट का यूजरनेम और पासवर्ड शेयर किया ताकि प्रमाण पत्र जारी हो सके। मुंबई में जिस वैक्सीनेशन कैंप में फर्जीवाड़ा हुआ था वहां कहा गया था कि सभी सर्टिफिकेट एक साथ बाद में दिए जाएंगे। जबकि सर्टिफिकेट एक घंटे के भीतर ही आ जाता है।
Read : क्या पंजाब में बिजली का सियासी करंट दौड़ा पाएंगे केजरीवाल?
कही खारे या नमक के पानी का इंजेक्शन तो नहीं लगाया गया
फ़िलहाल आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि हो सकता है कि इन घोटालेबाजों ने नागरिकों को खारे या नमक के पानी का इंजेक्शन लगाया हो। इस मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने बीएमसी को यह पता लगाने के लिए कहा है कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई शीशियों में क्या था। इसके साथ ही कोर्ट ने ऐसे मामलो में आरोपियों पर सख्त कार्यवाही करने के आदेश दिए है।
कैसे करे असली – नकली में पहचान
अगर आपको नकली वैक्सीन लगी है तो आपको कोई भी पोस्ट वैक्सीनेशन सिंप्टम्स नहीं होंगे। जैसे हाथ दुखना, हल्का बुखार आना या थकान होना। सामान्यत: वैक्सीन लगने के बाद 80 प्रतिशत लोगों में इस तरह के लक्षण देखे जाते हैं। हालांकि ये आपकी इम्यूनिटी और वैक्सीन के प्रकार पर भी निर्भर करता है। इसके अलावा वायल के बैच नंबर से भी इसे ट्रेस कर सकते है। कुछ गड़बड़ी होने की आशंका पर संबंधित सरकारी कर्मचारी की सहायता से वैक्सीन कंपनी से बैच नंबर की जानकारी निकलवा सकते हैं।
कराए एंटीबॉडी टेस्ट
अगर टीका लगवाने के बाद भी किसी को यह लगे कि उसकी इम्युनिटी पॉवर में इजाफा नहीं हुआ है। तो वैक्सीन लगने के एक महीने बाद एंटीबॉडी टेस्ट भी कराया जा सकता हैं। इस टेस्ट के जरिए आपके शरीर में एंटीबॉडी का पता लगाया जाता है। आपको अगर सही वैक्सीन लगी है तो आपके शरीर में एंटीबॉडी जरूर बनेगी। साथ ही आपकी इम्युनिटी पॉवर भी बढ़ेगी।