अक्सर अपने विवादों के लिए चर्चाओं में रहने वाले लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर एक बार फिर चर्चाओं में है। चर्चाओं में वह इसलिए है कि उन्होंने प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी को एक पत्र लिखा है। यह पत्र सियासी गलियों में सनसनी बन गया है। हालांकि लोग इसे गुर्जर का राजनीतिक स्टंट कह रहे हैं। लेकिन जिस तरह से पत्र में लोनी के विधायक ने उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी को आरोपित किया है उससे मामला जांच का विषय बन गया है।
लोनी के दूसरी बार विधायक बने भाजपा के नंदकिशोर गुर्जर ने गाजियाबाद के एसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुर्जर ने कहा है कि गाजियाबाद के एसपी देहात ईरम राजा भाजपा के कार्यकर्ता को एनकाउंटर में मारने की धमकी दे रहे हैं। यही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री और विधायक को भी उन्होंने अपशब्द कहे डाले हैं। बताया जा रहा है कि 11 मार्च के दिन भाजपा के एक कार्यकर्ता सन्नी कुमार मित्रा ने गलती से एक बधाई वाला मैसेज गाजियाबाद के एसपी देहात ईरम राजा के मोबाइल पर सेंड कर दिया था।
यह मैसेज जाने के बाद सन्नी कुमार को गलती का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने मैसेज को डिलीट करते हुए गलती मान ली। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के द्वारा लिखे गए अपर मुख्य सचिव को पत्र में उन्होंने कहा है कि गाजियाबाद के एसपी देहात ईरम राजा ने भाजपा कार्यकर्ता सन्नी कुमार मित्रा को गालियां दी। यहां तक कि उन्होंने मुख्यमंत्री और विधायक को भी अपशब्द कहे। विधायक गुर्जर का यह भी कहना है कि एसपी देहात ने भाजपा कार्यकर्ता को एनकाउंटर में मारने की धमकी दी है।