दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया है। डिप्टी सीएम को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई ने उन्हें मुख्यालय में रखा है। मनीष सिसोदिया ने रात सीबीआई मुख्यालय में बिताई। बाद में आज यानी सोमवार सुबह मनीष सिसोदिया को रूस एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा। ऐसे में आज फैसला होगा कि डिप्टी सीएम जेल जाएंगे या उन्हें जमानत मिलेगी। गौरतलब हो कि सीबीआई ने शराब घोटाले में 9 घंटे की पूछताछ के बाद रविवार को सिसोदिया को गिरफ्तार किया था।
धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में आप नेता हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने संजय सिंह समेत आम आदमी पार्टी के 36 नेताओं को बवाल करने के आरोप में हिरासत में लिया है। संजय सिंह ने गिरफ्तारी का आरोप लगाया है। उन्हें धारा-144 का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। संजय सिंह के दावे पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि किसी को भी गिरफ्तार, हिरासत में नहीं लिया गया है बस 24 घंटे तक हिरासत में रखा जा सकता है।
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) आज देशभर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करेगी। इसके लिए ‘आप’ के कार्यकर्ता दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन की भी योजना है। दिल्ली पुलिस ने हालात को देखते हुए राजधानी में अलर्ट घोषित कर दिया है। दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त ने रविवार रात सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। थानाध्यक्ष समेत थाना पुलिस को अलर्ट रहने का आदेश दिया गया है।
9 घंटे की पूछताछ के बाद सिसोदिया गिरफ्तार
मनीष सोसोदिया से सीबीआई ने रविवार को करीब 9 घंटे तक पूछताछ की थी। इस बीच नेताओं की बयानबाजी भी जारी रही। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि यह लोकतंत्र के लिए काला दिन है।
अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा?
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर मनीष को बेकसूर बताया है। उनकी गिरफ्तारी गंदी राजनीति है। मनीष की गिरफ्तारी से लोगों में काफी रोष है। सब देख रहे हैं। जनता सब समझ रही है। जनता इसका जवाब देगी। इससे हमारा उत्साह और भी बढ़ेगा। हमारा संघर्ष और मजबूत होगा।