देश में जारी महामारी के कारण उद्योग धंधे ठप्प पड़े हुए हैं। प्राइवेट कंपनियां अपनी कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं। जिससे युवा रोजगार की मार झेल रहे हैं। इसको देखते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता-पदाधिकारी आज से रोजगार दो अभियान शुरू करेंगे। मध्यप्रदेश के युवा कांग्रेस के अध्यक्ष संजय मोन्टी ने बताया, “इस अभियान का मुख्य उदेश्य युवाओं को रोजगार के लिए दिल्ली से लेकर जिलास्तर तहसील और ग्राम स्तर तक रोजगार दो का नारा बुलंद करना हैं।”
कोरोना वायरस के कारण लगभग सभी देशों की आर्थिक हालत खराब हुई पड़ी हैं। अमेरिका जैसे प्रगतिशील देश भी मंदी के दौर से गुजर रहे हैं। भारत में सरकार की कुछ गलत आर्थिक नीतियों के कारण युवा रोजगार को तरस रहे हैं। युवा कांग्रेस युवाओं को साथ लेकर ‘रोजगार दो’ का नारा बुलंद करेगी। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश को नंबर वन बनाने के लिए विशेपज्ञों से वेबिनार के जरिए सुझाव ले रहे हैं। ताकि प्रदेश में ज्यादा से इंडस्ट्री खोली जाए और युवाओं को रोजगार दिया जाए।
लॉकडाउन के कारण प्रवासी मजदूरों को बड़े शहरों में अपना काम-धंधा छोड़कर वापिस अपने गांव आना पड़ा। यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, और झारखंड के मजदूर अपने काम छोड़कर वापिस आ चुके हैं। गांव आकर उनके पास सबसे बड़ी समस्या रोजगार की बनी हुई हैं। इससे पहले भी कांग्रेस ने रोजगार को लेकर मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना की थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रोजगार के मुद्दे पर कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है।