देश में कोरोना वायरस का कहर चरम पर है। बीते दिन देश में अब तक के सबसे ज्यादा कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस के करीब 70 हजार पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 28 लाख के पार हो गई है। इस महामारी से अभी तक 53 हजार से अधिक मरीजों की जानें जा चुकी हैं । राहत की बात यह है कि 20 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं।
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 69 हजार 652 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके साथ ही 977 मरीजों की मौत भी हो गई।
देश में कोरोना के कुल मामले 28 लाख 36 हजार ,926 हो गए हैं। इनमें से 6 लाख 86 हजार 395 एक्टिव केस हैं और 20 लाख 96 हजार 665 या तो स्वस्थ हो चुके हैं या फिर अस्पताल से उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है। अगर कोरोना टेस्ट की बात करें तो, बीते 24 घंटे में नौ लाख से अधिक सैंपलों की जांच की गई है।
देश में अब तक 53 हजार 866 लोगों की मौत हो गई है। अब तक कुल तीन करोड़ 26 लाख 61 हजार 252 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। रिकवरी रेट 73.91 फीसद हो गया है और डेथ रेट 1.90 फीसद है।
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में 13 हजार 165 नए मामले सामने आए। राज्य में एक दिन में नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा 6 लाख 28 हजार 642 हो गया है। राज्य में अब तक 21 हजार 33 लोगों की जान जा चुकी है। यहां एक लाख 60 हजार 728 एक्टिव केस है। चार लाख 46 हजार 881 मरीज ठीक हो गए हैं।
वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मामले बढ़ने लगे हैं।राजधानी में बीते २४ घंटों में 1हजार 398 नए केस मिले हैं जिसके बाद अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख 56 हजार को पार कर गया है। यहां अब तक 4 हजार 235 लोगों की मौत भी हो चुकी है। और11 हजार 137 एक्टिव केस है जबकि एक लाख 40 हजार 767 मरीज ठीक हो गए हैं। राजस्थान में 699 नए केसों के साथ कुल मामले 64 हजार 676 हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर में 708 नए केस के साथ 30 हजार 34 और ओडिशा में 2 हजार 589 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 67 हजार 122 पर पहुंच गया है। यूपी में कोरोना वायरस से संक्रमित रिकार्ड 5 हजार 156 नए रोगी मिले तो उससे कहीं ज्यादा व सर्वाधिक 5 हजार 620 मरीज स्वस्थ भी हुए। प्रदेश में अब तक कुल 1 लाख 68 हजार 193 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। अभी तक कुल 2 हजार 638 लोगों की जान यह खतरनाक वायरस ले चुका है। एक्टिव केस बढ़कर अब 49 हजार 645 हो गए हैं।
दक्षिण भारत के राज्य आंध्र प्रदेश में 9 हजार 742 नए केस मिले हैं और कुल मामले 3 लाख 16 लाख से अधिक हो गए हैं। राज्य में अब तक 2 हजार 906 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। केरल में रिकॉर्ड 2 हजार 333 नए केस के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार को पार कर गया है। राज्य में 182 मौतें भी हुई हैं। तेलंगाना में 1हजार 763 नए मामलों के साथ 95 हजार 700 पर आंकड़ा पहुंच गया है।
कोरोना जांच के लिए जरूरी है डॉक्टर का पर्चा?
इस बीच हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) को दूसरे राज्यों में यात्रा करने के लिए कोरोना की आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए डॉक्टर की पर्ची की आवश्यकता पर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। उच्च न्यायालय ने कहा है कि अनलॉक-3 लागू होने के बाद लोगों को अब दूसरे राज्यों में काम और बिजनेस के सिलसिले में जाना पड़ सकता है, ऐसे में सरकार और आईसीएमआर को यह स्पष्ट करना होगा कि इस जांच के लिए डॉक्टर की पर्ची अनिवार्य है या नहीं।