गूगल ने कन्नड को भारत की सबसे भद्दी भाषा बताने के बाद माफी मांग ली है। गूगल पर ugliest language in India(भारत में सबसे खराब भाषा) सर्च करने पर कन्नड़ का नाम आता था। जब इसको लेकर विवाद हुआ तो गूगल ने इसके लिए माफी मांग ली है।
गूगल इंडिया ने माफी मांगते हुए कहा कि गलतफहमी और भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए कंपनी माफी मांगती है। हम निरंतर अपने सर्च इंजन में सुधार ला रहे हैं। गूगल इंडिया ने आगे कहा कि सर्च इंजन के रिजल्ट कंपनी के विचारों को नहीं दर्शाते हैं।
कर्नाटक के कन्नड़, संस्कृति और वन मंत्री अरविंद लिंबावली ने संवाददाताओं से कहा कि सवाल का जवाब देने के लिए गूगल को कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। मंत्री ने बाद में ट्विटर पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और गूगल से कन्नड़ लोगों से माफी मांगने को कहा।
यह भी पढ़े: व्हाट्सऐप और ट्विटर ने रखे ग्राीवांस अधिकारी, जानिए कैसे दर्ज करें शिकायत
इस संबंध में गूगल के एक प्रवक्ता ने कहा कि सर्च इंजन पूरी तरह से परिपूर्ण नहीं है। कई बार इंटरनेट पर उल्लेखित सामग्री के विशेष सवालों के लिए आश्चर्यजनक परिणाम हो सकते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने ट्वीट कर गूगल की निंदा की। उन्होंने सवाल किया कि क्या Google भाषा के संदर्भ में “गैर-जिम्मेदाराना” व्यवहार करता है। बेंगलुरु सेंट्रल से बीजेपी सांसद पीसी मोहन समेत अन्य नेताओं ने भी गूगल की निंदा की और उससे माफी मांगने को कहा।
गूगल सर्च का स्क्रीनशॉट अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए मोहन ने कहा कि कर्नाटक का महान विजयनगर साम्राज्य और कन्नड़ भाषा का समृद्ध इतिहास और अनूठी संस्कृति है।
उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे पुरानी भाषाओं में से एक कन्नड़ में महान विद्वान थे जिन्होंने 14वीं शताब्दी में जोफरी चौसर के जन्म से पहले महाकाव्य लिखे थे। गूगल इंडिया से माफी मांगें।