दिल्ली पुलिस ने टूलकिट केस के संबंध में दो और आरोपियों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी करवाया है। जिन दो आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने गैर-जमानती वारंट जारी करवाया है उनके नाम निकिता जैकब और शांतनु हैं। कल दोनों का जिक्र पुलिस ने इस साजिश में शामिल होने में किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक निकिता जैकब पेशे से वकील हैं और मुंबई में रहती है। इससे पहले टूलकिट मामले में बेंगलुरु से दिशा रवि की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
इस मामले में वॉरंट जारी होने के बाद निकिता जैकब के वकील ने इससे बचने और राहत पाने के लिए बॉम्बे उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। जैकब के वकील ने न्यायालय से गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देन की प्रार्थना की है। इसके साथ ही मंगवार को मामले की तत्काल सुनवाई के लिए भी निवेदन किया है।
गौरतलब है कि इससे पहले टूल किट मामले में गिरफ्तार की गई 21 साल की छात्रा दिशा रवि पांच दिन की पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने दिशा पर आरोप लगाया है कि उसने टूलकिट को एडिट किया और उसमें कुछ चीजें जोड़कर उसे फॉरवर्ड किया। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने उसे रविवार बेंगलुरू से गिरफ्तार करने के बाद दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। जिसके बाद कोर्ट ने दिशा को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
दिशा की गिरफ्तारी पर बीजेपी और विपक्ष आमने-सामने है। दिशा की गिरफ्तारी का कांग्रेस और AAP ने जोरदार विरोध किया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके दिशा की गिरफ़्तारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी ने दिशा की गिरफ्तारी को सही बताया है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने ट्वीट करके दिशा की गिरफ्तारी को सही बताया है।