हरियाणा सरकार ने कोरोना संक्रमण के लिए 573 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। जिनमें से 19 पॉजिटिव मिले हैं, जबकि 430 सैंपल नेगेटिव आए हैं। 126 की रिपोर्ट का अभी भी इंतजार है। 184 लोगों को अस्पतालों के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। हरियाणा में 9 दिन के बाद शुक्रवार को कोई नया मरीज सामने नहीं आया। यहां अभी कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 19 है। इससे पहले बीते 18 मार्च से 26 मार्च तक हर दिन कोई-न-कोई मरीज सामने आया था।
फतेहाबाद के हसंगा गांव में एक खिलाड़ी की तबीयत बिगड़ गई। उसे बुखार, खांसी और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इसके चलते गांव में हड़कंप मच गया। उसे संदिग्ध करोना मानकर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। वहीं पॉजिटिव मिले 19 कोरोना संक्रमित में सबसे ज्यादा संख्या गुरुग्राम की है। यहां 10 मरीज संक्रमित मिले हैं, इसके बाद चार पानीपत में, दो फरीदाबाद में, एक पलवल में, एक पंचकूला में, एक सोनीपत में मिला था।
हरियाणा के सभी जिलों में लॉकडाउन सख्ती से लागू है। प्रदेशभर में जिला प्रशासन ने राशन, ग्रोसरी, दूध और सब्जी वालों को पास वितरीत किए हैं। इसके साथ-साथ इनकी लिस्ट बनाकर मोबाइल नंबर सहित लोगों तक पहुंचाई गई है। लोग इन्हें फोन करके भी राशन, सब्जी व दूध मंगा सकते हैं। सब्जी मंडी, दूध वाले का समय निर्धारित किया गया।
फरीदाबाद में मुनाफाखोरी कर रहे सब्जी वालों को पुलिसकर्मियों ने उठक-बैठक करवाई। इसी तरह रोहतक, करनाल में भी पुलिस ने बेवजह घूम रहे लोगों को सबक सिखाया। हिसार, पानीपत, फरीदाबाद, कैथल, करनाल, फतेहाबाद में रेडक्रॉस, पुलिस, प्रशासन, स्थानीय लोग और सामाजिक संस्थाएं आगे आए हैं। उन्होंने झुग्गियों, मजदूरों, ईंट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों को राशन और खाना पहुंचाया है।
करनाल में सामाजिक संस्थाओं ने शहर की सभी झुग्गियों को बांट लिया और 21 दिन तक राशन का जिम्मा उठाया। हिसार में फंसे कश्मीरी छात्रों की जानकारी जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट कर दी। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जिला प्रशासन से बात कर उनको तुरंत मदद पहुंचाई। वहीं तुरंत मदद के लिए पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती और तेजस्वी यादव ने दुष्यंत चौटाला का आभार जताया है।
शुक्रवार को बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को बताया कि बिहार के 20-25 मजदूर खाने के अभाव में फरीदाबाद जिले के गांव पल्ला में फंसे हुए है। उन्होंने यह जानकारी देते हुए तुरंत सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। जिस पर उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जिला प्रशासन से बात करके उन्हें तुरंत मदद मुहैया करवाई और इसकी जानकारी ट्वीटर पर साझा की।
लॉकडाउन में 31 मार्च तक यात्री ट्रेनों को भी बंदकर दिया गया है। ट्रेनों को बंद करना इसलिए भी जरूरी है। क्योंकि एक सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक, 1918 में जब भारत में स्पेनिश फ्लू फैला था, तब भी इस फ्लू को फैलाने में रेलवे की अहम भूमिका थी। रेल मंत्रालय की 2018-19 की रिपोर्ट बताती है कि इस दौरान सालभर में 844 करोड़ यात्रियों ने सफर किया था। वहीं, रोजाना 2.5 करोड़ यात्री रेल सफर करते हैं।