दुनिया के कई देशों में कोरोना टीकाकरण शुरू हो गया है। भारत में भी तीन जनवरी को एक साथ दो वैक्सीनों को आपातकालीन मंजूरी मिलने के बाद कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारी शुरू हो गई है। देश में 16 जनवरी से इसका टीकाकरण होना है। आज 12 जनवरी से ही पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट से देश के अलग-अलग हिस्सों में वैक्सीन की सप्लाई शुरू हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी वैक्सीन की खेप पहुंच गई है। सीरम इंस्टीट्यूट से आज 12 जनवरी को ही स्पेशल कंटेनर के जरिए वैक्सीन को रवाना किया गया है।
एअर इंडिया की ओर से बयान दिया गया है कि पुणे से अहमदाबाद तक वो वैक्सीन की सप्लाई कर रहे हैं। उनकी पहली खेप का वजन करीब 700 किलोग्राम है, जिसमें 2 लाख 76 हजार वैक्सीन की डोज सप्लाई की जा रही है।
#FlyAI : राष्ट्र सेवा में समर्पित एअर इंडिया कोविड वेक्सीनेशन मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार।
2,76,000 वेक्सीन की लगभग 700 किलोग्राम की पहली कन्साइनमेंट आज पुणे से अहमदाबाद पहुंचेगी । pic.twitter.com/X4XbzkNK74
— Air India (@airindiain) January 12, 2021
तमिलनाडु सरकार की ओर से भी जानकारी दी गई कि पुणे से उनकी पहली खेप आज 12 जनवरी को रवाना हो रही है। पहली खेप में 5 लाख 56 हजार वैक्सीन की डोज़ मौजूद हैं। इसके अलावा तमिलनाडु ने भारत बायोटेक से भी कोवैक्सीन के 20 हजार डोज मंगवाए हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से भी वैक्सीन को लेकर बयान दिया गया कि हमारे पास -20 डिग्री से +25 डिग्री सेल्सियस तक तापमान की क्षमता है। दिल्ली में दोनों टर्मिनल पर एक दिन में 5.7 मिलियन डोज रखने की क्षमता है। एयरपोर्ट की ओर से सरकार, एजेंसियां, एयरलाइंस और अन्य सभी स्टेकहोल्डर के साथ संपर्क किया गया है और वैक्सीनेशन के काम में अहम रोल निभाने के लिए तैयारी की गई है।
बता दें कि केंद्र सरकार ने अभी सीरम इंस्टीट्यूट को कुल 1.1 करोड़ वैक्सीन डोज का ऑर्डर दिया था। जिसकी सप्लाई आज 12 जनवरी से शुरू हो गई है। इसके अलावा भारत सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक को 5-6 करोड़ वैक्सीन डोज तैयार करने को कहा है। जिनका इस्तेमाल शुरुआती फेज़ में ही होना है।
जब कोरोना वैक्सीन की खेप सीरम इंस्टीट्यूट से रवाना हुई, तो स्पेशल ट्रक में इन्हें रवाना किया गया। साथ ही इनपर जीपीएस लगा हुआ है और पुलिस की गाड़ियां भी सप्लाई के दौरान इनके साथ रहेंगी।
टीकाकरण से पहले फ्री वैक्सीन की घोषणा की लगी होड़
देश में कोरोना की दो वैक्सीन को मंजूरी मिलने के बाद 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू हो जाएगा। इससे पहले करीब आधा दर्जन राज्यों ने जरूरतमंद लोगों को मुफ्त टीका देने की घोषणा देनी शुरू कर दी है।
जानिए को हैं ये राज्य :
दिल्ली :
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सबसे पहले लोगों को मुफ्त टीका देने का ऐलान किया है। टीकाकरण के पहले चरण में राजधानी के 89 अस्पतालों में वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले चरण में राजधानी के लगभग 51 लाख लोगों को टीके की खुराक दी जाएगी। कुल 36 सरकारी और 53 निजी अस्पतालों में टीकाकरण अभियान चलेगा।
हरियाणा :
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने घोषणा की है कि राज्य में गरीबों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी।उन्होंने लोगों से टीकाकरण अभियान के लिए सरकार को वित्तीय मदद देने की अपील भी की है ।
बिहार :
राज्य में 300 केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन दी जाएंगी। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के समय ही मुफ्त वैक्सीन का वादा किया गया था।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट ने अब इसे मंजूरी दे दी है।
पश्चिम बंगाल :
कुछ ही महीनों में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले रज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया कि सभी जरूरतमंद लोगों को टीका मुफ्त दिया जाएगा। ममता सरकार का ये बड़ा ऐसे समय पर आया है जब राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं।
केरल :
केरल के मुख्यमंत्री पी.विजयन ने कहा है कि पूरे राज्य में लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन फ्री दी जाएगी। उन्होंने लोगों से बीमारी को रोकने के लिए अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह भी किया है।
मध्य प्रदेश :
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2020 में उपचुनाव के दौरान ही मुफ्त टीका देने का ऐलान कर दिया था। राज्य में हर गरीब व्यक्ति को सरकार ने मुफ्त टीका देने का वादा किया है।
तमिलनाडु :
मुख्यमंत्री ई. पलानीस्वामी ने चुनाव को देखते हुए पिछले साल ही मुफ्त वैक्सीन का ऐलान किया था। राज्य में 47 हजार 200 वैक्सीन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पहले चरण में 1.60 लाख लोगों को टीका दिया जाना है।
इन राज्यों ने केंद्र से की मांग :
राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमचाल प्रदेश समेत कई राज्यों ने केंद्र सरकार से टीका मुफ्त उपलब्ध कराने की मांग की है।