लखनऊ। कोरोना वायरस से संक्रमित उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरा निरस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त किया कि कमला रानी के निधन से उन्होंने एक मजबूत स्तंभ खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने मंत्रिमंडल में बड़ी कुशलतापूर्वक अपने दायित्व का निर्वाह किया। उनका निधन समाज, सरकार और पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। योगी ने दिवंगत मंत्री के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गंभीर संवेदना व्यक्त की है। राज्य में मंत्री के निधन पर एक दिन के राजकीय अवकाश की घोषणा की गई है।
प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण को कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमण हुआ था। प्रदेश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एसजीपीजीआई में उनका उपचार चल रहा था। इलाज में जुटी टीम ने उन्हें स्वस्थ करने का निरंतर प्रयास किया, लेकिन फेफड़े का संक्रमण बढ़ता गया। हाई ब्लडप्रेशर और शुगर भी अनियंत्रित रहा। तमाम प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। कमला रानी वरुण एक लोकप्रिय जन नेता और वरिष्ठ समाजसेवी थीं। 11वीं और 12वीं लोकसभा की वह सदस्य थीं। 2017 में कानपुर नगर के घाटमपुर से विधायक चुनी गई थीं।