कोरोना वायरस की दूसरी लहर से देश के हालात बेकाबू और खतरनाक होते जा रहे हैं। भारत में कोरोना हर दिन नये रूप बदल रहा है और ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। इस कारण अस्पतालों में कोरोना मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। कोरोना संक्रमण ने अब तक के सारे रिकाॅर्ड तोड़ दिए हैं। इंसानों में तेजी से फैल रहे संक्रमण के बाद अब ये वायरस जानवरों को भी अपनी चपेट में ले रहा है।
हैदराबाद से एक बेहद ही हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। दरअसल, हैदराबाद के नेहरू जूलॉजिकल पार्क में 8 एशियाई बब्बर शेर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, पशु चिकित्सकों ने बताया कि शेरों को भूख कम लगने, पानी बहने और खांसी आने की शिकायत मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने शेरों के नमूने लिए और उन्हें परीक्षण के लिए भेजा। अब उनकी रिपोर्ट सकारात्मक आई है।
ये भी पढ़ें :कुछ राहत: 7 राज्यों में कम होने लगा है कोरोना
इनमें 4 नर शेर बताए जा रहे हैं। इन आठ शेरों में चार शेर और चार शेरनी हैं। फिलहाल इन सभी शेरों को आइसोलेशन में रखा गया है। इन सभी शेरों में कोरोना के लक्षण पाए गए थे। इसलिए इन्हें अलग कर दिया गया है।
देश में जानवरों में कोरोना का पहला मामला
हैदराबाद के नेहरू जूलॉजिकल पार्क में 8 एशियाई शेरों को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद, पर्यावरण मंत्रालय ने कहा है कि सभी शेर अभी भी अच्छी स्थिति में हैं। साथ ही सभी सामान्य रूप से भोजन कर रहे हैं। सभी का उपचार शुरू कर दिया गया है। बताया गया कि शेरों में कोरोना के लक्षण नजर आने के बाद इनका RT-PCR जांच की गई थी। जिसमें ये 8 शेर कोरोना संक्रमित पाए गए।
मंत्रालय की ओर से कहा गया कि देश में जानवरों को कोरोना का यह पहला मामला है। मामले की जांच जारी है और इन शेरों के संपर्क में आए सभी कर्मचारियों का भी परीक्षण किया जा रहा है।
कर्मचारियों के संक्रमित होने की आशंका कुछ दिनों पहले हैदराबाद के नेहरू जूलोजिकल पार्क में लगभग 25 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। चिड़ियाघर प्रबंधन द्वारा आशंका व्यक्त की गयी है कि इनमें से किसी के संपर्क में आने से शेर कोरोना संक्रमित हो गए हो ।
प्रबंधन का यह भी कहना है कि ये चिड़ियाघर घनी आबादी के बीच बना हुआ है, ऐसे में नजदीकी किसी कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से जानवर कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। आम लोगो के लिए शेरों के संक्रमित होने के बाद नेहरू जूलॉजिकल पार्क को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। अभी शेरों के स्वास्थ्य का ख्याल रखा जा रहा है।