[gtranslate]
Country

असंतुष्ट नेताओं को खुश करने के लिए राज्यसभा भेजेगी कांग्रेस  

पिछले कुछ सालों से देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस बुरे दौर से गुजर रही  है। हर चुनावी मोर्चे पर उसे भाजपा से मात खानी पड़ रही है। इस सबके बीच बड़ी दिक़्क़त यह भी है कि पार्टी को बाहर से ज्यादा अपने भीतर ही लड़ना पड़ रहा है। केंद्र में नेतृत्व के सवाल पर मतभेद है , तो राज्यों में पार्टी का जनाधार लगातार सिमटता जा रहा है। चुनावों लगातार मिल रही हार के चलते अंदरूनी झगड़ों से भी जूझ रही से नाराज चल रहे जी 23 समूह के नेताओं को मनाने के लिए हाल ही में उदयपुर नव संकल्प के साथ वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य हासिल करने के लिए कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलेगी। पार्टी असंतुष्ट नेताओं को राज्यसभा भेज सकती है। ताकि आगामी विधानसभा और लोकसभा में एकता का संदेश जाए।

 

पार्टी सूत्रों के  मुताबिक गुलाम नबी आजाद को राजस्थान और आनंद शर्मा को हरियाणा से राज्यसभा भेजा जा सकता है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम इस बार महाराष्ट्र के बजाए तमिलनाडु से राज्यसभा जा सकते हैं। पार्टी मध्य प्रदेश से किसी युवा नेता को राज्यसभा भेजने की तैयारी कर रही है।

दरअसल केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 57 सीटों के लिए चुनाव की तारीख का एलान कर दिया है। 15 राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों पर 10 जून को चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक जून और अगस्त के बीच राज्यसभा के कई नेताओं का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके साथ ही कई बड़े चेहरों का कार्यकाल राज्यसभा से समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग की सूचना के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 24 मई को जारी होगी। उम्मीदवार 31 मई तक नामांकन कर सकेंगे। इसके बाद 1 जून को नामांकनों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 3 जून तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे, 10 जून को मतदान होंगे और उसी दिन मतगणना भी हो जाएगी।

 

 

राज्यसभा की 57 सीटों के लिए चुनाव

 

राज्यसभा की 57 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें कांग्रेस के पास फिलहाल आठ सीट हैं। अपनी संख्या बरकरार रखने के लिए पार्टी सहयोगी दलों से चर्चा कर रही है। पार्टी को सबसे ज्यादा उम्मीद राजस्थान से है। राजस्थान में चार में से दो सीट मिलनी तय है। निर्दलियों के साथ तीसरी सीट भी जीत सकती है।

 

हरियाणा में एक सीट जीत सकती है कांग्रेस

 

 हरियाणा में दो में से एक सीट कांग्रेस जीत सकती है। मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस और भाजपा को एक-एक सीट मिलेगी। छत्तीसगढ़ में भी एक-एक सीट मिलने की उम्मीद है। झारखण्ड में जेएमएम एक सीट कांग्रेस को दे सकती है। वहीं तमिलनाडु में डीएमके एक सीट कांग्रेस के लिए छोड़ सकती है।

 

महाराष्ट्र में छह सीटों पर चुनाव

 

महाराष्ट्र में छह सीटों पर राजयसभा के चुनाव हैं। इनमें भाजपा को दो और तीन सीट गठबंधन को मिलनी तय है। एक सीट के लिए मुकाबला हो सकता है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि आजाद को राजस्थान से राज्यसभा भेजा जा सकता है। वहीं आनंद शर्मा हरियाणा से राज्यसभा में जा सकते हैं।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खुद आनंद शर्मा के नाम की सिफारिश की है। हालांकि कुमारी शैलजा और अजय यादव सहित कई नेता राज्यसभा के लिए दावेदारी कर रहे हैं। पार्टी रणनीतिकार मानते हैं कि कांग्रेस हरियाणा से हुड्डा के पसंद के उम्मीदवार को ही टिकट देगी।

 

इन राज्यों की सीटों के लिए होगा मतदान

 

 

यह भी बताया गया है कि 21 जून एक अगस्त के बीच कई सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके बाद उनकी सीटें खाली हो जाएंगी। इनमें उत्तर प्रदेश की सबसे ज्यादा 11 सीटों पर मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु और महाराष्ट्र से 6-6, बिहार से 5, कर्नाटक, राजस्थान और आंध्र प्रदेश से 4-4, मध्य प्रदेश और ओडिशा से 3-3, पंजाब, झारखंड, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से 2-2 तथा उत्तराखंड से एक सीट पर चुनाव होगा। इसके अलावा मनोनीत सांसदों की सात सीटें भी रिक्त हैं।

 

कई दिग्गजों का कार्यकाल खत्म हो रहा

 

 

राज्यसभा में जिन नेताओं का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, कांग्रेस नेता अंबिका सोनी, जयराम रमेश, पी चिदम्बरम, कपिल सिब्बल और बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा शामिल हैं। इनके अलावा केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल हैं। इन दिग्गजों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनमें से कई ऐसे भी हैं जो सदन में दोबारा आ सकते हैं।

 

राष्ट्रपति चुनाव से पहले अहम हैं चुनाव

 

 राष्ट्रपति चुनाव से पहले होने वाले राज्यसभा चुनाव काफी अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि केंद्र में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी फिलहाल उच्च सदन में 95 सीटों के साथ टॉप पर है और चुनाव के बाद वह फिर 100 का आंकड़ा पार कर सकती है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD