पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संतोख सिंह चौधरी का निधन हो गया है। चौधरी ने आज यानी 14 जनवरी, शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा में भाग लिया था। इसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। जिसके बाद उन्हें तुरंत विर्क अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा को चौधरी के निधन के बाद रोक दिया गया है।
#UPDATE | Punjab: Congress MP Santokh Singh Chaudhary passes away – tweets CM Bhagwant Mann.
The MP was taken to a hospital during the Congress party's Bharat Jodo Yatra in Ludhiana today.
(Pic – The MP's Twitter account) pic.twitter.com/QZv8Fjq7lV
— ANI (@ANI) January 14, 2023
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत तमाम बड़े नेताओं ने निधन पर शोक व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान चौधरी को अचानक घबराहट महसूस हुई और वे एकाएक जमीन पर गिर गए। उन्हें एंबुलेंस से फिल्लौर के विर्क अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह और विजय इंदर सिंगला द्वारा उनके निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ी क्षति है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के साथ हैं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।’
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है, ‘जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी चौधरी के निधन पर दुख जताया है।
भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी उनके घर श्रंद्धाजलि देने पहुंचेंगे। संतोख सिंह का अंतिम संस्कार कल उनके गांव में किया जाएगा।
संतोख सिंह चौधरी
संतोख सिंह चौधरी पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और जालंधर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे। चौधरी संतोख सिंह ने साल 2014 और साल 2019 का लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। संतोख सिंह चौधरी पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में से एक थे। साल 2004 से 2010 तक वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष थे। साल 2002 में वह कांग्रेस के टिकट पर फिल्लौर विधानसभा सीट जीतकर पंजाब विधान सभा के सदस्य के रूप में चुने गए। वह पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री भी थे।इसके बाद संतोख सिंह चौधरी मई 2014 में 16वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। इसके साथ ही वे अगस्त 2014 से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कल्याण संबंधी समिति के सदस्य रहे। 2014 से सामाजिक न्याय और अधिकारिता संबंधी स्थायी समिति, शहरी विकास, आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय के सदस्य भी रहे।