सच ही कहा गया है ऊपर वाले की लीला अपरंपार होती है। एक तरफ जहां पूरी दुनिया में कोरोना महामारी ने कोहराम मचा रखा है। भारत में भी इसका खासा असर देखने को मिल रहा है। वहीं हरियाणा के जिले पानीपत में कुदरत का अनोखा करिश्मा देखने को मिला। यहां एक निजी अस्पताल में एक महिला ने 4 बच्चों को जन्म दिया है। इन बच्चों में तीन लड़के और एक लड़की हैं। महिला का नाम काजल है, जिसकी डिलीवरी पानीपत के मल्होत्रा हॉस्पिटल में हुई।
महिला की डिलीवरी करने वाले डॉ पुनीत मल्होत्रा ने बताया कि गर्भवती काजल को उनके अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। काजल की हालत सामान्य नहीं थी। उनका प्रयास था कि काजल की डिलीवरी सामान्य हो, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी काजल की हालत सामान्य नहीं हुई। वहीं काजल का उपचार कर रहे डॉक्टरों व उन्हें पहले से पता था कि काजल के पेट में चार बच्चे पल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि काजल व बच्चों की हालत को ध्यान में रख कर अनुभवी डॉक्टरों से विचार विमर्श के बाद सोमवार की शाम को काजल की सर्जरी कर चारों बच्चों को जन्म दिलवाया गया। वहीं जन्म लेने वाले बच्चों में तीन लड़के व एक लड़की है। चारों बच्चों को सामान्य हालात में लाने के लिए करीब एक माह तक नर्सरी में रखा जाएगा, देखरेख ठीक होने और मां का दूध मिलने पर बच्चें एक माह से पहले भी सामान्य हो सकते है।
इधर, बच्चों के पिता सोनित ने बताया कि उनकी पत्नी की हालत अभी चिंताजनक है। बच्चें भी नर्सरी में भर्ती हैं। बच्चों का वजन 800 ग्राम से लेकर एक किलोग्राम के बीच है। दो बच्चों का वजन एक किलोग्राम है और दो का 800 ग्राम है, इसके चलते बच्चों को नर्सरी में दाखिल किया गया है।
बता दें कि हरियाणा में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 182 पहुंच गई। 22 जिलों में से 20 तक कोरोना पहुंच गया है। अब महज रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ दो जिले बचे हैं, जहां कोरोना का कोई मरीज सामने नहीं आया है। रविवार को पांच नए मामले आए हैं, इनमें कुरुक्षेत्र में दो, यमुनानगर, नूंह और जींद में 1-1 मरीज की पुष्टि हुई है। वहीं ठीक हुए मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अभी तक 30 मरीज घर जा चुके हैं।