कोरोना संकट की वजह से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में हजारों भारतीय फंसे हुए हैं। वंदे भारत मिशन और समुद्र सेतु ऑपरेशन के तहत फंसे भारतीयों को आज स्वदेश वापस लाया जा रहा है। इस मिशन के तहत आज एअर इंडिया की फ्लाइट्स से यूके, अमेरिका, दुबई और बहरीन से भारत लौंटेंगे। उनका एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग होगा। उसके बाद उन सभी लोगों को 14 दिनों के लिए क्वॉरंटाइन किया जाएगा।
वंदे भारत मिशन के तहत सबसे पहले खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाया जा रहा है। संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों ने वैसे देशों पर प्रतिबंधों की धमकी दी थी। जो कोरोना महामारी के बाद अपने नागरिकों को वहां से नहीं ले जाना चाहते थे। इसलिए खाड़ी देशों से प्रत्यर्पित किए जाने वाले लोगों को सबसे पहले लाया जा रहा है। यूनाइटेड स्टेट ऑफ़ अमेरिका के वॉशिंगटन में भारतीय दूतावास की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पहले चरण में एयर इंडिया 9 से 15 मई तक अमेरिका के कई शहरों से भारत के लिए नॉन-शेड्यूल कॉमर्शियल फ्लाइट सेवा शुरू करेगी। आने वाले सभी यात्रियों को पूरा किराया देना होगा।
उनका किराया भारत सरकार नहीं देगी। वंदे भारत मिशन के तहत सरकार बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बीमारों या फिर उन लोगों को प्राथमिकता दे रही है जिनके घर में किसी की मौत हो गई है। या कोई गंभीर रूप से बीमार है। विदेश में फंसे ऐसे भारतीयों को वंदे भारत मिशन से बड़ा सहारा मिल रहा है। मस्कट से कोच्चि आ रहे एक यात्री ने बोर्डिंग पास बनने से पहले बताया कि काम के दौरान मेरी आंख में चोट लग गई थी। लेकिन मस्कट में डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने से मना कर दिया। उन्होंने केरल में ऑपरेशन करवाने की सलाह दी। मैं भारतीय दूतावास का आभारी हूं कि उन्होंने भारत लौटने में मेरी मदद की।
आने वाले दिनों में 12 देशों से एयर इंडिया की विशेष उड़ानों में लगभग 15,000 भारतीयों के लौटने की उम्मीद है। हाल ही में नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक कार्यक्रम में कहा था कि वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे करीब 1 लाख 90 हजार लोगों को वापस लाने का लक्ष्य है। यह संख्या और बढ़ भी सकती है। हमारा यह अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। विमान में चढ़ने के पहले यात्रियों की जांच की जाती है। एयर इंडिया के कल रविवार को 5 पायलट कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उड़ान भरने से 72 घंटे पहले हुई जांच में इन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया। ये सभी पायलट मुंबई में हैं और पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें उचित मेडिकल निगरानी में रखा गया है। ये पायलट कार्गो विमान लेकर कुछ दिन पहले ही चीन गए थे।
वंदे भारत मिशन के फ्लाइट्स का शेड्यूल-
लंदन-दिल्ली-बेंगलूरु
आने का समय- दोपहर 3 बजे
सैन फ्रांसिस्को-मुंबई-हैदराबाद
आने का समय- रात 8:45 बजे
ढाका-मुंबई
आने का समय- दोपहर 3:30 बजे
दुबई-कोच्चि
आने का समय- रात 8:10 बजे
अबूधाबी-हैदराबाद
आने का समय- रात 8:30 बजे
कुआलालंपुर-चेन्नई
आने का समय-9:40 बजे
बहरीन-कोझिकोड
आने का समय- 11:30 बजे